निजी कंपनी के दफ्तर पर ED की रेड, ममता ने की परेड, इस नेता ने कह डी बड़ी बात
ED Raid पर बोले सलीम : बंगाल चुनाव 2026 से पहले आई-पैक कार्यालय पर केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के सचिव मोहम्मद सलीम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी से सवाल भी पूछे हैं.
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के चुनाव अभियान की कमान संभालने वाली कंपनी आई-पैक के प्रमुख के कार्यालय और आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. बृहस्पतिवार को सीपीएम ने आरोप लगाया कि राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के कार्यालय और उसके निदेशक प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी की कार्रवाई पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)और तृणमूल कांग्रेस (टएमसी) की ‘नूरा-कुश्ती’ है.
ईडी की कार्रवाई नहीं छापेमारी का नाटक
माकपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि छापेमारी का नाटक किया जा रहा है. छापेमारी के बावजूद कोई सच्चाई सामने नहीं आयेगी. मोहम्मद सलीम ने पूछा कि तृणमूल कांग्रेस में जैन की क्या हैसियत है कि मुख्यमंत्री को ईडी की छापेमारी के दौरान उनके आवास और कार्यालय में जाना पड़ा.
कोयला घोटाला के आरोपियों को बचाने का एजेंसियां पर आरोप
आई-पैक कोलकाता के प्रमुख प्रतीक जैन के यहां हुई छापेमारी के बाद तेजी से हुए घटनाक्रमों के बीच जल्दबाजी में बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोहम्मद सलीम ने आरोप लगाया कि कथित कोयला घोटाला मामले के मुख्य आरोपियों की जांच केंद्रीय एजेंसियां नहीं कर रहीं हैं.
निजी कंपनी पर छापे, तो सीएम को वहां क्यों जाना चाहिए?-Md Salim
सीपीएम लीडर ने पूछा कि आई-पैक एक निजी कंपनी है. अगर उसके यहां छापेमारी की जाती है, तो मुख्यमंत्री को वहां क्यों जाना चाहिए? सुबह ईडी ने आई-पैक निदेशक और उसके कार्यालय पर छापेमारी की, तो कार्रवाई के बीच में ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नाटकीय ढंग से मौके पर पहुंच गयीं. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी तृणमूल के आंतरिक दस्तावेजों, हार्ड डिस्क और उसकी चुनाव रणनीति से जुड़े संवेदनशील डेटा को जब्त करने का प्रयास कर रही है.

